उत्तराखंडशिक्षा

रघुनाथ कीर्ति में योग के चार छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट, अहमदाबाद की संस्था ने देवप्रयाग आकर किया चयन

रघुनाथ कीर्ति में योग के चार छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट, अहमदाबाद की संस्था ने देवप्रयाग आकर किया चयन

देवप्रयाग। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में योग के चार विद्यार्थियों का चयन अहमदाबाद की संस्था के लिए हुआ है। कैंपस प्लेसमेंट के अंतर्गत ज्ञानेश योग इंस्टीट्यूट ने दो छात्र और दो छात्राओं को दो राउंड की परीक्षा के बाद चुना। सेवा आरंभ करने से पहले इन्हें एक महीने का प्रशिक्षण संस्था की ओर से दिया जाएगा।

श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में योग का पाठ्यक्रम (बीएससी तथा एमएससी) दो साल पहले आरंभ हुआ। योग विज्ञान में स्नातकोत्तर के पहले बैच के पास आउट होने से पहले ही परिसर में 14 अप्रैल को अहमदाबाद की संस्था ने योग छात्रों की परीक्षा ली। इसमें आसन प्रदर्शन और मौखिकी शामिल थी। पहले राउंड में 18 बच्चे थे,दूसरे चक्र में सात रह गये थे। इन्हीं में से चार विद्यार्थियों-कीर्ति बड़ोदिया,आरती,प्रतीक सिंह चौहान और देवदर्शन का अंतिम चयन किया गया। हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं को अनिवार्यता दी गयी थी। इन छात्रों को एक माह का नि: शुल्क प्रशिक्षण देने के बाद संस्था दूसरे महीने से 25 हजार प्रतिमाह वेतन देगी और प्रति छह माह बाद प्रोन्नति देकर पांच हजार रुपये बढ़ोतरी की जाएगी।

कैंपस सलेक्शन में सफल छात्रा कीर्ति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अपने अध्ययन काल में ही सफलता मिलना मेरे लिए बड़े सपने का पूरा होना जैसा है। आरती ने कहा कि केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय से शास्त्री करने के बाद योग में स्नातकोत्तर करना उनका बेहतर फैसला था। प्रतीक सिंह चौहान के अनुसार बेहतर अनुशासन और श्रेष्ठ वातावरण में किया गया उनका अध्ययन इस सफलता के रूप में काम आया है। देवदर्शन ने बताया कि योग के क्षेत्र में सेवा देने की उनकी बड़ी तमन्ना पूरी होने जा रही है।

वहीं, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास वरखेडी़ और श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने सफल छात्रों को बधाई दी है। प्रो. श्रीनिवास वरखेडी़ ने कहा कि योग शिक्षा का भविष्य उज्ज्वल है। इसमें रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। योग विधा वृत्ति के साथ अच्छा स्वास्थ्य भी देती है। प्रो.पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने कहा कि योग में रोजगार की अच्छी संभावनाओं के दृष्टिगत छात्रों का इस पाठ्यक्रम की ओर अच्छा रुझान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *