हरेला पर्व पर उत्तराखंड बनाएगा नया रिकॉर्ड
हरेला पर्व पर उत्तराखंड बनाएगा नया रिकॉर्ड
देहरादून- इस वर्ष हरेला पर्व पर उत्तराखंड रिकॉर्ड बनाने जा रहा है। 16 जुलाई को पूरे प्रदेश में एक ही दिन में 5 लाख से अधिक पौधे रोपे जाएंगे। गढ़वाल मंडल में 3 लाख और कुमाऊं मंडल में 2 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा।
इस बार हरेला पर्व “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ” और “एक पेड़ माँ के नाम” थीम पर मनाया जाएगा। अभियान के तहत पूरे जुलाई माह कार्यक्रम आयोजित होंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर ग्रामीणों, स्कूली छात्रों और विभिन्न विभागों की सहभागिता, हरेला के सफल संचालन के लिये सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश में इससे पहले जुलाई 2016 में एक ही दिन में करीब 2 लाख पौधे रोपे गए थे, जिसका रिकॉर्ड इस बार टूटने जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्रकृति के बेहद करीब है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण सभी की जिम्मेदारी है। पौधरोपण सार्वजनिक स्थानों, वनों, नदियों, स्कूल-कॉलेजों, विभागीय परिसरों और आवासीय क्षेत्रों में किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों, छात्रों, एनसीसी, एनएसएस और आम जनता की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी।
