श्री रघुनाथ कीर्ति हिंदी सेवा सम्मान प्रो0 चमोला को
श्री रघुनाथ कीर्ति हिंदी सेवा सम्मान प्रो0 चमोला को
देवप्रयाग। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर की ओर से इस बार का ’श्री रघुनाथ कीर्ति हिंदी सेवा सम्मान’ प्रसिद्ध साहित्यकार प्रो0 दिनेश चमोला ’शैलेश’ को दिया गया। इस अवसर पर प्रो0 चमोला ने कहा कि श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर की यह पहल उत्तराखंड में हिंदी क्षेत्र की प्रतिभाओं को निखारने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभायेगी।

श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर की ओर से हिंदी के क्षेत्र में श्रेष्ठ रचनाधर्मिता करने वाले साहित्यकार को हर वर्ष हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत ’श्री रघुनाथ कीर्ति सेवा सम्मान’ जाता है। इस वर्ष इसके लिए आये 18 आत्मवृत्तों में से प्रो0 चमोला को इसके लिए उपयुक्त पाया गया। परिसर में प्रसिद्ध रचनाकार डॉ0 भक्तदर्शन पर आयोजित व्याख्यान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रसिद्ध कवि धर्मेंद्र उनियाल, सह निदेशिका प्रो0 चंद्रकला आर0 कोंडी, हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम संयोजक डॉ0 वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल तथा सह संयोजक कु0 पायल पाठक के हाथों यह पुरस्कार प्रो0 चमोला को दिया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद भावुक हुए प्रो0 चमोला ने कहा कि जिस माटी में मेरा जन्म हुआ, उसी धरती पर इतने बड़े सम्मान को पाकर मैं गौरवान्ति हूं। उन्होंने कहा कि साहित्यिक प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें आगे बढ़ाने में ऐसे गरिमामय सम्मानों की महती भूमिका होती है। साहित्य साधक को यद्यपि किसी पुरस्कार की लालसा नहीं होती है, परंतु यदि रघुनाथ कीर्ति जैसी उच्च शिक्षण संस्थायें यदि यह पहल करती हैं तो इसकी सराहना की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति के परिवेश का उसके विचारों और फिर उसके बाद उसके लेखन पर गहरा असर होता है। सुमित्रानंदन पंत से लेकर चंद्रकुंवर बर्त्वाल तक इसके उदाहरण हैं, जिन्होंने पहाड़ की सुरम्य वादियों में जीवन के महत्त्वपूर्ण क्षण बिताते हुए उसी प्रकृति पर बहुत कुछ लिखा। मुख्य अतिथि धर्मेंद्र उनियाल ने कहा कि हिंदी की विभिन्न विधाओं पर लगभग सौ पुस्तकों की रचना कर चुके प्रो0 चमोला जैसे महान साहित्यकार को यह पुरस्कार मिलना श्री रघुनाथ परिसर के उचित मूल्यांकन का द्योतक है।
हिंदी पखवाड़ा कार्यक्रम के संयोजक डॉ0 वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल ने पुरस्कार की घोषणा करते हुए कहा कि श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर द्वारा 2018 में आरंभ किया गया यह पुरस्कार अभी तक डॉ0 सुशील कोटनाला, डॉ0 जयंती प्रसाद नौटियाल, प्रो0 राखी उपाध्याय और महावीर रंवाल्टा को दिया जा चुका है। ज्योतिष विभाग संयोजक डॉ0 ब्रह्मानंद मिश्र ने अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन साहित्य विभाग प्राध्यापक डॉ0 सोमेश बहुगुणा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सह निदेशिका प्रो0 चंद्रकला आर0 कोंडी ने की। इस अवसर पर डॉ0 अरविंद सिंह गौर, डॉ0 सुमिति सैनी, डॉ0 रश्मिता, डॉ0 सुधांशु वर्मा, डॉ0 धनेश पीवी, पंकज कोटियाल आदि उपस्थित थे।
