भारतीय सामाजिक विज्ञान संस्थान संघ का 24वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न
भारतीय सामाजिक विज्ञान संस्थान संघ का 24वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न
देहरादून-दून विश्वविद्यालय में आयोजित भारतीय सामाजिक विज्ञान संस्थान संघ का 24वां अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन संपन्न हुआ। इस तीन दिवसीय सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आज पूरा विश्व जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय असंतुलन और असमान विकास जैसी चुनौतियों के स्थायी समाधान की खोज में है। ऐसे में यह सम्मेलन केवल शैक्षणिक विमर्श नहीं, बल्कि पर्यावरणीय जागरूकता और साझी जिम्मेदारी का आह्वान है।
राज्यपाल ने कहा कि पर्वतीय राज्यों के लिए पर्यावरणीय चुनौतियाँ अधिक संवेदनशील हैं। भूस्खलन, मृदा क्षरण, नदियों का कटाव और वन्य जीवों के आवास में कमी, सामाजिक और आर्थिक स्थिरता को भी प्रभावित करती हैं। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए स्थानीय समुदायों की भागीदारी, वैज्ञानिक व पारंपरिक ज्ञान का समन्वय और जनजागरूकता आवश्यक है।
राज्यपाल ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शोध और नवाचार के माध्यम से हरित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान दें।
तीन दिवसीय इस सम्मेलन में देश-विदेश से आए प्रख्यात विद्वानों ने सामाजिक कल्याण, अर्थशास्त्र, रोजगार, कृषि, पर्यावरण और नगरीकरण जैसे विषयों पर चर्चा की।
