एमडीडीए ने की आढ़त बाजार शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज, प्रभावितों को मिलने लगा मुआवजा
एमडीडीए ने की आढ़त बाजार शिफ्टिंग की प्रक्रिया तेज, प्रभावितों को मिलने लगा मुआवजा
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने देहरादून में आढ़त बाजार तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना से जुड़े प्रभावित लोगों को मुआवजा देने और भूखंड आवंटन की प्रक्रिया तेज कर दी है। आढ़त बाजार क्षेत्र के दाहिनी ओर स्थित दो परिसम्पत्तियों की रजिस्ट्री, लोक निर्माण विभाग के पक्ष में कराई गई। साथ ही, इन परिसम्पत्तियों के प्रभावितों को लगभग पांच करोड़ रुपए का मुआवजा चेक के माध्यम से प्राधिकरण की ओर से रजिस्ट्री के समय कर दिया गया।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने बताया कि एमडीडीए का प्रयास है कि आढ़त बाजार शिफ्टिंग, सड़क चौड़ीकरण जैसे सार्वजनिक कार्यों में लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और सभी को समय पर उचित मुआवजा मिले। उन्होंने बताया कि आढ़त बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना शहर के लिए बहुत अहम है। इससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि बाजार क्षेत्र का सौंदर्य भी बढ़ेगा। तिवारी ने कहा कि प्रभावित संपत्तिधारकों को पूरी पारदर्शिता के साथ मुआवजा और भूखंड आवंटन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से देहरादून के भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात दबाव कम होगा। साथ ही चौड़ीकरण के बाद क्षेत्र में फुटपाथ, स्ट्रीट लाइटिंग, पार्किंग और सौंदर्यीकरण की भी योजना है। यह परियोजना देहरादून को नई दिशा देने वाली साबित होगी। इससे न केवल यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि नागरिकों के लिए शहर को और भी सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
