सड़क पहुंचने पर टोला में जश्न, विधायक को मुकुट-पगड़ी पहनाई,कीर्तिनगर विकास खंड की राडागाड ग्राम पंचायत में 40 वर्षों का संघर्ष सफल
सड़क पहुंचने पर टोला में जश्न, विधायक को मुकुट-पगड़ी पहनाई,कीर्तिनगर विकास खंड की राडागाड ग्राम पंचायत में 40 वर्षों का संघर्ष सफल
देवप्रयाग। कीर्तिनगर प्रखंड के दुर्गम गाँव टोला में सड़क पहुंचने की खुशी में स्थानीय ग्रामीणों और प्रवासियों ने जश्न मनाया। सभी ग्रामीणों के लिए सहभोज का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडाली थे। उन्होंने सड़क के शेष कार्य को शीघ्र पूरा करवाने के साथ ही इस सड़क को नैलचामी से जुड़वाने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर टोला गाँव में नागराजा देवता मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन भी हुआ।

देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के सबसे दुर्गम गाँव टोला में लगभग एक माह पहले गाड़ी पहुंची थी। राडागाड ग्राम पंचायत के इस गाँव के प्रवासियों और टोला, ग्वाड, राडागाड विकास मंच के तत्त्वावधान में इस खुशी में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभाग ने इस सड़क का लोकार्पण भी किया। 2012 में इस सड़क के लिए आंदोलन करने वाले दिवंगत मोर सिंह बर्त्वाल, रायसिंह कैंतुरा और ओंकार दास को मरणोपरांत सम्मानित कर उनके परिजनों को शॉल, स्मृति चिह्न भेंट किये गये। तीनों गाँवों के लोगों ने एक साथ भोज जीमा। सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडारी को महिला मंगल दल ने चांदी का मुकुट भेंट किया तथा टोला ग्राम विकास समिति ने पगड़ी पहनाई। विधायक ने लोक निर्माण विभाग को इस सड़क का शेष बचा निर्माण शीघ्र पूरा करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि इस सड़क को डामरीकरण के लिए पीएमजीएसवाई में डाला जाएगा। विधायक ने कहा कि इस सड़क को नैलचामी से लिंक करने की कार्रवाई गतिमान है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री कर चुके हैं। विधायक ने टोला गाँव के लिए विधायक निधि से पांच लाख देने की घोषणा करते हुए सिविल भूमि उपलब्ध होने पर तीनों गांवों के लिए सामुदायिक भवन और खेल मैदान देने की घोषणा की। विधायक ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देते हुए आत्मनिर्भर बनें और पलायन रोकने में योगदान दें। विधायक ने इस मौके पर स्थानीय लोगों के साथ भोजन किया।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए वीरेंद्र बर्त्वाल वीरेन ने विधायक को मांग पत्र सौंपा। टोला, ग्वाड़, राडागाड विकास मंच के अध्यक्ष डॉ वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल ने इस गाँव की सड़क के आंदोलन के इतिहास पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर सुर्जनसिंह बर्त्वाल, गुलाब सिंह बर्त्वाल, कार्यक्रम संयोजक विक्रम सिंह नेगी, विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंद्रपाल सिंह चौहान आदि ने विचार व्यक्त किये। इस मौके पर पत्रकार मनमोहन सिंधवाल और लोकनिर्माण विभाग के अवर अभियंता नदीम अहमद को भी सम्मानित किया गया। रमेश सिंह बर्त्वाल ने विधायक को अभिनंदन पत्र भेंट किया।कार्यक्रम में राडागाड ग्राम पंचायत प्रधान शोभा देवी नेगी, गवाणा के प्रधान सुरेश चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष विकास मेहरा, दयाल सिंह रावत, गुलाब सिंह बर्त्वाल, कृपाल सिंह, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य कर्णसिंह, विजय सिंह बर्त्वाल, सुदर्शन कैंतुरा, अनुसूया प्रसाद गोदियाल,सौकार सिंह, केशर सिंह, आलम सिंह, मंगल सिंह, मानसिंह, धर्मसिंह, सुरेश सिंह, मुकेश सिंह, विजयपाल सिंह, बिसाम्बरी देवी, हरदेव सिंह, राजेन्द्र सिंह, प्रीतम सिंह, बुद्धा देवी, मकान सिंह, कर्णसिंह आदि उपस्थित थे।

उधर, इस कार्यक्रम के बाद टोला गाँव के लोगों ने गाँव में नागराजा देवता के मंदिर निर्माण के लिए भूमि पूजन किया गया। इससे पहले देवता अवतरित करवाकर भूमि का चिह्नीकरण करवाया गया। अगले साल इस स्थान पर भव्य जागरण का निर्णय लिया गया।
