कलावीर देवता का अनुष्ठान 21 से, देवप्रयाग में होगा अभिनंदन
कलावीर देवता का अनुष्ठान 21 से, देवप्रयाग में होगा अभिनंदन
देवप्रयाग। लोस्तु के पारीपंडोली में प्रसिद्ध श्री कलावीर देवता का दो दिवसीय अनुष्ठान (जात) 21 फरवरी को आरंभ होगा। 22 को पूर्णाहुति के बाद अनुष्ठान का समापन होगा। इससे पहले 20 फरवरी को देवप्रयाग तक गंगा स्नान यात्रा का आयोजन होगा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष कपिल बर्त्वाल ने बताया कि ग्रामवासियों और प्रवासी ग्रामीणों के सहयोग से इस बार कलावीर देवता के मंदिर का जीर्णोद्धार कर उसे भव्य रूप दिया गया है। इसलिए अनुष्ठान से पहले गंगा स्नान यात्रा का आयोजन किया गया है।

20 फरवरी को ब्रह्ममुहूर्त में देवताओं के पश्वाओं और निशानों के साथ श्रद्धालु देवप्रयाग रवाना होंगे। वहाँ गंगा स्नान के बाद भगवान् श्री रघुनाथ के मंदिर का दर्शन किया जाएगा। तत्पश्चात गंगा स्नान यात्रा गांव के लिए प्रस्थान करेगी। वहाँ मंदिर में शुद्धिकरण और प्राणप्रतिष्ठा की जाएगी। 21 फरवरी को विधिवत् अनुष्ठान आरंभ होगा। मंदिर समिति के प्रतिनिधिमण्डल ने केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम से भेंट कर अनुष्ठान में आने का निमंत्रण भी दिया। प्रो.
सुब्रह्मण्यम ने बताया कि श्री कलावीर देवता की गंगा स्नान यात्रा का संगम पर परिसर द्वारा अभिनंदन किया जाएगा। परिसर के छात्र यहाँ पर पूजन करेंगे। गंगा स्नान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
