देहरादून में आढ़त बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना पर काम तेजी से जारी
देहरादून में आढ़त बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना पर काम तेजी से जारी
देहरादून-राजधानी देहरादून में आढ़त बाजार-तहसील चौक सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत तेजी से कार्य किया जा रहा है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के अनुसार परियोजना से प्रभावित 52 संपत्ति धारकों को अब तक लगभग 21 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जा चुका है। मुआवजा मिलने के बाद इन संपत्ति धारकों ने अपनी संबंधित भूमि-संपत्तियों की रजिस्ट्री लोक निर्माण विभाग के नाम कर दी है। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण ने बताया कि शेष 34 संपत्ति धारकों के दस्तावेजों का परीक्षण पूरा कर लिया गया है और उनकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। कुल 410 प्रभावित संपत्तियों में से कई स्थानों पर स्वेच्छा से हटाने का कार्य भी शुरू हो गया है, जिससे निर्माण कार्य को गति मिली है। नए आढ़त बाजार में लगभग 95 प्रतिशत पार्किंग व्यवस्था तैयार हो चुकी है, जबकि अन्य विकास कार्य 80 प्रतिशत तक पूरा हो चुके हैं। शेष कार्यों को तेज गति से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्राधिकरण के अनुसार पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है, जिससे प्रभावितों का विश्वास मजबूत हुआ है। अधिकारियों ने कहा कि परियोजना का उद्देश्य केवल सड़क चौड़ीकरण नहीं, बल्कि शहर में यातायात दबाव को कम करते हुए एक सुव्यवस्थित और आधुनिक शहरी ढांचे का निर्माण करना है।
