मेरठ-ऋषिकेश के बीच दौड़ेगी नमो भारत, 150 किमी के सफर में लगेंगे मात्र 3 घंटे
मेरठ-ऋषिकेश के बीच दौड़ेगी नमो भारत, 150 किमी के सफर में लगेंगे मात्र 3 घंटे
देहरादून: मेरठ के मोदीपुरम से ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक हाई-स्पीड नमो भारत (आरआरटीएस) ट्रेन का सपना अब जल्द ही हकीकत में बदलने जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विशेष प्रयासों के बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और एनसीआरटीसी के बीच इस रेल परियोजना के विस्तार पर सहमति बन गई है।
परियोजना का खाका
प्रस्तावित परियोजना के तहत मेरठ से ऋषिकेश तक कुल 150 किलोमीटर लंबा ट्रैक बिछाया जाएगा। इसमें 72 किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश में, जबकि 78 किलोमीटर का ट्रैक उत्तराखंड की सीमा में होगा। यह नया ट्रैक मोदीपुरम से शुरू होकर मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार (हर की पैड़ी) होते हुए ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला तक पहुंचेगा। परियोजना को गति देने के लिए उत्तराखंड और एनसीआरटीसी ने नोडल अधिकारी नियुक्त कर दिए हैं, और अब डीपीआर (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) तैयार करने के लिए सर्वे का कार्य जल्द शुरू होने वाला है।
सफर में होगी बड़ी बचत
वर्तमान में दिल्ली से ऋषिकेश तक सड़क मार्ग से पहुंचने में 5 से 6 घंटे का समय लगता है, लेकिन 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली नमो भारत ट्रेन के शुरू होने के बाद यह सफर घटकर मात्र ढाई से तीन घंटे का रह जाएगा।
कनेक्टिविटी को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस परियोजना को उत्तराखंड के विकास के लिए मील का पत्थर बताया है। उन्होंने कहा कि इससे तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी विश्वस्तरीय, तेज और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी। साथ ही, बेहतर रेल कनेक्टिविटी से राज्य में आर्थिक विकास और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार के साथ समन्वय कर राज्य सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
