उत्तराखंड

चम्पावत-शारदा-तटबंध-बाढ़-सुरक्षा-परियोजना-शिलान्यास

चम्पावत-शारदा-तटबंध-बाढ़-सुरक्षा-परियोजना-शिलान्यास

चम्पावत-जनपद चम्पावत के बूमघाट में रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र को बाढ़ की विभीषिका से स्थायी निजात दिलाने के लिए 65.95 करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं का विधिवत भूमि पूजन और शिलान्यास किया। इसके तहत बूम से टनकपुर तक शारदा नदी के तट पर 60.21 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षा (तटबंध) निर्माण कार्य और पूर्णागिरी तहसील के ग्राम छीनीगोठ की सुरक्षा के लिए हुड्डी नदी पर 5.74 करोड़ रुपये की लागत से बाढ़ सुरक्षात्मक दीवार का निर्माण किया जाएगा।

कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने शारदा नदी पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को काम की गुणवत्ता व समयबद्धता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए। कार्यक्रम में पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का कुमाऊँनी टोपी, पारंपरिक टीका, पटका और छोलिया नृत्य के साथ जोरदार स्वागत किया।

मुख्यमंत्री ने सेवा पखवाड़े के तहत लगाए गए विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉलों का भी बारीकी से निरीक्षण किया। कृषि, उद्यान, पशुपालन, स्वास्थ्य और समाज कल्याण जैसे विभागों के स्टॉलों पर पहुंचकर उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का फीडबैक लिया। इस दौरान महिला स्वयं सहायता समूह के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने बेहद सादगी के साथ स्थानीय महिलाओं के साथ पारंपरिक तरीके से रोटी और चटनी तैयार की, जिसे देख वहां मौजूद लोग भावविभोर हो गए। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में निक्षय योजना के पांच लाभार्थियों को पोषण किट भी बांटी।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शारदा तटबंध केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य और क्षेत्र के विकास की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि माँ शारदा नदी लाखों परिवारों की आजीविका का आधार है। मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास का खाका खींचते हुए बताया कि लगभग 3300 करोड़ रुपये की लागत से ‘शारदा कॉरिडोर परियोजना’ पर काम चल रहा है, जिसके तहत टनकपुर से बनबसा तक शारदा रिवर फ्रंट समेत कई धार्मिक और पर्यटन स्थलों को विकसित किया जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र में बेटियों के लिए 257 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और 58.52 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकास भी और विरासत भी” के मंत्र पर चलते हुए मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत माँ पूर्णागिरि धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्ज्यू कॉरिडोर और माँ वाराही धाम का कायाकल्प किया जा रहा है। इसके अलावा टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक आईएसबीटी और बनबसा में सैनिक स्मारक का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंदिर समितियों, पूर्व सैनिकों, व्यापारियों और भाजपा संगठन के पदाधिकारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख आंचल बोरा, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जी.एस. खाती सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *