उत्तराखंड

सड़क संपर्क, हेलीपैड निर्माण और ग्रामीण विकास सहित अनेक परियोजनाओं के लिए 93 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से पर्यटन, सड़क संपर्क, हेलीपैड निर्माण, पुलिस आवास, शिक्षा, ऊर्जा और ग्रामीण विकास से जुड़ी अनेक परियोजनाओं के लिए कुल 93 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृत प्रदान की। इन स्वीकृतियों से राज्य में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ पर्यटन और आपदा प्रबंधन को मजबूती मिलेगी।

अल्मोड़ा जिले में प्रसिद्ध गोल्जू मंदिर के आसपास पर्यटन अवस्थापना के विकास के लिए 56 करोड़ 29 लाख रुपये, टिहरी में ज्ञानसू-ग्वाड़-पस्सी-बुडोगी मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण और सुधारीकरण के लिए तीन करोड़ 32 लाख रुपये स्वीकृत किए। देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र स्थित भानियावाला विस्थापित क्षेत्र के विभिन्न मुख्य और आंतरिक मार्गों के चौड़ीकरण, पक्कीकरण तथा इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाए जाने के लिए एक करोड़ 23 लाख रुपये की मंजूरी मिली।

जबकि हरिद्वार के श्यामपुर थाना, कोतवाली ज्वालापुर तथा थाना बहादराबाद में पुलिस कर्मियों के लिए आवासों के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। उत्तरकाशी जिले में एडीआरएफ पोस्ट जानकीचट्टी के निर्माण, मोरी विकासखंड के ग्राम फिताड़ी में नए हेलीपैड के निर्माण तथा जोशियाड़ा क्षेत्र में पहले से बने हेलीपैड के सौंदर्यीकरण के लिए भी धनराशि स्वीकृत की है। टिहरी के ग्राम भांगला पट्टी दोगी में नए हेलीपैड के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *