कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, निर्माणाधीन पुलों की प्रगति और गुणवत्ता का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, निर्माणाधीन पुलों की प्रगति और गुणवत्ता का अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण
हरिद्वार- कुंभ मेला-2027 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मेला क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने की दिशा में मेला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने शनिवार को मेला क्षेत्र में विभिन्न निर्माणाधीन पुलों का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण टीम ने खड़खड़ी श्मशान घाट जाने वाले मार्ग पर सूखी नदी में कॉजवे के स्थान पर 1321.96 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन डबल लेन पुल का निरीक्षण किया। इसके बाद मायापुर स्कैप चैनल पर दक्षद्वीप एवं बैरागी कैंप को जोड़ने के लिए पूर्व निर्मित सेतु के डाउन स्ट्रीम में 1246.09 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे 60 मीटर स्पान बो-स्ट्रीम स्टील गर्डर डबल लेन पुल के निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को परखा। बी
अधिकारियों की टीम ने ज्वालापुर से ईदगाह, सुभाषनगर पीएसी होते हुए शिवालिक नगर तक जाने वाले मोटर मार्ग के किलोमीटर-3 में पथरी रौ नदी पर 966.61 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन 60 मीटर स्पान प्री-स्ट्रेस आरसीसी पुल का भी निरीक्षण किया। इसके अतिरिक्त धनौरी-सिडकुल लिंक मार्ग पर पथरी रौ नदी में पुरानी गंगनहर साइफन के डाउन स्ट्रीम में 1659.42 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन 90 मीटर स्पान कंपोजिट स्टील गर्डर डबल लेन पुल की प्रगति का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 की दृष्टि से महत्वपूर्ण इन परियोजनाओं में गुणवत्ता, सुरक्षा और सुगमता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न किया जाए।
