उत्तराखंड

मुख्य सचिव ने की चारधाम यात्रा की समीक्षा, मॉनसून सीजन को देखते हुए दिए निर्देश

देहरादून-मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने देहरादून स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष में चारधाम यात्रा की समीक्षा की। उन्होंने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर जिलाधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि चारों धामों में श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हों और उन्हें किसी प्रकार की समस्या न हो, इसके लिए जिला प्रशासन, बीकेटीसी एवं हितधारक आपसी समन्वय से सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने पर रात्रिकालीन दर्शन की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने यात्रा के विभिन्न पड़ावों में निचले क्षेत्रों में होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं को रखे जाने और सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने के भी निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि मानसून सीजन को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएं। भारी वर्षा और भूस्खलन को देखते हुए होल्डिंग एरिया तथा निकासी योजना तैयार रखी जाए। उन्होंने युकाडा को भी अपनी निकासी योजना तैयार रखे जाने के निर्देश दिए, ताकि एयरलिफ्ट कराए जाने की परिस्थिति में पहले से व्यवस्थाएं उपलब्ध रहें। इसके अलावा मुख्य सचिव ने सभी जिलों को राशन सहित अन्य आवश्यक सामग्री का भी समुचित स्टॉक रखे जाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्य सचिव ने चारधाम यात्रा के लिए पंजीकरण के साथ स्वास्थ्य जांच पर विशेष ध्यान दिये जाने के निर्देश देते हुए कहा कि 60 वर्ष से अधिक, बहुत छोटे बच्चों को लेकर जाने वाले श्रद्धालुओं और बीमार लोगों को यात्रा न करने के लिए प्रेरित किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *