कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर मेलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण
हरिद्धार-हरिद्धार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 को सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से मेला प्रशासन तैयारियों में जुटा है। आज मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण पर व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर भीड़ प्रबंधन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगमता एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
हरिद्वार में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए ट्रैफिक संचालन, पैदल आवागमन मार्गों, यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि आगामी कुंभ मेले के दौरान कोई असुविधा न हो।
मेलाधिकारी सोनिका ने ज्वालापुर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान यह रेलवे स्टेशन श्रद्धालुओं के आवागमन का प्रमुख केंद्र रहेगा। उन्होंने रेलवे, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे अधिकारियों को कुंभ मेले के दौरान ट्रेनों के संचालन, बोर्डिंग एवं डिबोर्डिंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों की विस्तृत कार्ययोजना मेला प्रशासन को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा स्टेशन परिसर के बाहर झूलते विद्युत तारों को हटाने के संबंध में मेलाधिकारी ने यूपीसीएल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
