उत्तराखंड

सचिवालय संघ का शपथ ग्रहण: सीएम धामी ने पदाधिकारियों को दिलाई शपथ, बताया शासन की आत्मा

सचिवालय संघ का शपथ ग्रहण: सीएम धामी ने पदाधिकारियों को दिलाई शपथ, बताया शासन की आत्मा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने ली शपथ

समारोह में मुख्यमंत्री ने सचिवालय संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी, संजय कुमार शर्मा व प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल व सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल और प्रचार सचिव दीपक बिष्ट को पद की शपथ दिलाई। इस अवसर पर शासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित भारी संख्या में सचिवालय के कर्मचारी मौजूद रहे।

शासन व्यवस्था की आत्मा है सचिवालय: सीएम

शपथ ग्रहण के बाद समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक भवन मात्र नहीं है, बल्कि यह प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि यहीं से राज्य की नीतियों का निर्माण होता है और जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम रूप दिया जाता है।

विकसित उत्तराखंड में कर्मचारियों की भूमिका अहम

मुख्यमंत्री ने कहा कि सचिवालय का प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण सहभागी है। सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने और समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंचाने में सचिवालय परिवार की भूमिका सबसे बड़ी है। उन्होंने कर्मचारियों को शासन और जनता के बीच विश्वास का एक मजबूत सेतु बताया।

सुशासन और पारदर्शिता के लिए सरकार प्रतिबद्ध

सीएम धामी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह शासन व्यवस्था के लिए काम कर रही है। ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने और प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक संतुष्ट और प्रेरित कर्मचारी तंत्र ही सुशासन की सबसे बड़ी शक्ति होता है, इसलिए सरकार कर्मचारी संगठनों के साथ निरंतर संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान कर रही है।

​मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से अपेक्षा की कि वे सेवा और समर्पण की भावना के साथ काम करते हुए उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के सरकार के ‘विकल्प रहित संकल्प’ को पूरा करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *