उत्तराखंड

विकास को रफ्तार: सीएम धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति की मंजूर

विकास को रफ्तार: सीएम धामी ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति की मंजूर

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों और राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सड़कों के निर्माण, सौंदर्यकरण और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं के लिए कुल ₹105 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है।

​धार्मिक स्थलों का होगा सौंदर्यकरण

परियोजना के तहत अल्मोड़ा के भिकियासैंण में हरूहीत मंदिर कढोली के सौंदर्यकरण और जीर्णोद्धार के लिए ₹93.36 लाख की मंजूरी दी गई है, जिसमें से प्रथम किस्त के रूप में ₹56 लाख जारी कर दिए गए हैं। वहीं, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल ब्लॉक स्थित माँ बाल कुँवारी माता मंदिर के सौंदर्यकरण के लिए ₹72.67 लाख स्वीकृत करते हुए पहली किस्त के रूप में ₹43.60 लाख का अनुमोदन किया गया है। रानीखेत विधानसभा में भी पर्यटन विकास के कार्यों के लिए ₹1.50 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

​शहरी विकास, स्वच्छता और बुनियादी ढांचा

शहरी विकास के मोर्चे पर बड़ा बजटीय आवंटन करते हुए सीएम धामी ने हल्द्वानी-काठगोदाम, रुद्रपुर, हरिद्वार और रुड़की में पशु शव दाह गृह निर्माण, विभिन्न नगर पालिकाओं में लीगेसी वेस्ट (पुराने कूड़े) के निस्तारण और कूड़ा वाहनों की खरीद के लिए ₹48.58 करोड़ की भारी-भरकम राशि स्वीकृत की है। इसके अतिरिक्त, कोटद्वार नगर निगम में एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए ₹4.96 करोड़ और रामनगर दीवानी न्यायालय में न्यायिक कर्मचारियों के आवास निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति दी गई है।

​सड़क नेटवर्क का होगा सुदृढ़ीकरण

राज्य के विभिन्न हिस्सों में सड़कों की स्थिति सुधारने और नए मार्गों के लिए भी बजट को मंजूरी मिली है:

​देहरादून (रायपुर मण्डल): आपदा से क्षतिग्रस्त मुख्य और आंतरिक मार्गों के नाली सहित पुनर्निर्माण के लिए ₹7.76 करोड़।

​ऊधमसिंहनगर (रुद्रपुर): गाबा चौक से डी०डी० चौक तक मार्ग के चौड़ीकरण के लिए ₹13.73 करोड़।

​चम्पावत: मौनपोखरी से हरेश्वर मंदिर तक सड़क के डामरीकरण के लिए ₹9.87 करोड़।

​रामनगर: हनुमानधाम मंदिर मोटर मार्ग के सुदृढ़ीकरण के लिए ₹4.06 करोड़।

​नैनीताल (लालकुआं): विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग के सुधारीकरण हेतु ₹3.87 करोड़।

​रुद्रप्रयाग (जखोली): छेनागाड बक्सीर मोटर मार्ग के अवशेष भाग के डामरीकरण हेतु ₹4.02 करोड़।

​कुंभ मेला और सामाजिक बुनियादी ढांचा

आगामी कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर हरिद्वार के मायापुर में फायर स्टेशन के लिए 50 बिस्तरों वाले बैरक निर्माण हेतु ₹4.17 करोड़ की धनराशि का अनुमोदन किया गया है। इसके अलावा, सामाजिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए देहरादून, काशीपुर और हरिद्वार के श्रम न्यायालयों में ट्रांसजेंडर, दिव्यांगजनों और महिलाओं के लिए अलग शौचालय तथा अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु कुल ₹1.41 करोड़ की धनराशि को भी मंजूरी दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *