उत्तराखंड के लोकपर्व इगास पर आपदा प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री धामी
उत्तराखंड के लोकपर्व इगास पर आपदा प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचे मुख्यमंत्री धामी
रूद्रप्रयाग-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोकपर्व इगास के अवसर पर रुद्रप्रयाग के तहसील वसुकेदार क्षेत्रान्तर्गत ग्राम भौंर पहुंचे, जहां उन्होंने हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों से भेंटवार्ता की तथा राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की स्थलीय समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान जान-माल की क्षति उठाने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक कुलदीप सिंह नेगी वन श्रमिक एवं सते सिंह के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में पांच-पांच लाख रुपये के चेक प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं राहत कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी पीड़ित को अकेला महसूस नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को समयबद्ध राहत सहायता प्रदान की जाए और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत कार्यों में पारदर्शिता, तत्परता एवं संवेदनशीलता बरती जाए।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने, ग्राम भौंर में आंगनवाड़ी केंद्र का निर्माण, गांव तक दोपहिया वाहन आवाजाही हेतु मोटर सड़क निर्माण और छेनागाड़ बाजार को पुनर्जीवित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाए जाने की घोषणा भी की।
