उत्तराखंड में प्रतिबंधित कफ सिरप के खिलाफ सघन अभियान, एफ.डी.ए. की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी
उत्तराखंड में प्रतिबंधित कफ सिरप के खिलाफ सघन अभियान, एफ.डी.ए. की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी
देहरादून-प्रदेश में बच्चों की सुरक्षा और जनस्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफ.डी.ए.), उत्तराखंड ने प्रतिबंधित और संदिग्ध कफ सिरप की बिक्री व वितरण के खिलाफ सघन अभियान शुरू किया है। अब तक 63 औषधियों के नमूने जांच के लिए भेजे जा चुके हैं।
आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार के निर्देश पर प्रदेशभर में मेडिकल स्टोर्स, थोक विक्रेताओं और अस्पतालों में छापेमारी कर संदिग्ध औषधियों के सैंपल एकत्र किए जा रहे हैं। राजस्थान और मध्य प्रदेश में कफ सिरप से बच्चों की बीमारियों और मौत की घटनाओं के बाद यह अभियान एहतियातन और जनहित में चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सभी जिलों में औषधि नियंत्रण अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कफ सिरप के नमूने लेकर अधिकृत प्रयोगशालाओं को भेजें। उत्पादन कंपनियों से कच्चे माल के सैंपल लेकर भी जांच की जा रही है ताकि गुणवत्ता में कोई कमी न रहे।
अपर आयुक्त ने जनता से अपील की कि वे बिना चिकित्सक की सलाह के बच्चों को कोई भी कफ सिरप न दें और पुरानी या खुली दवाइयाँ बच्चों को बिल्कुल न दें। उन्होंने कहा कि पुरानी दवाइयाँ प्रभावशीलता खो देती हैं और बच्चों के लिए हानिकारक हो सकती हैं।
