उत्तराखंडराष्ट्रीय

मन की बात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से भीषण गर्मी के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की

मन की बात: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से भीषण गर्मी के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने की अपील की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से भीषण गर्मी के मौजूदा मौसम के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतने और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करने की अपील की है। आकाशवाणी से ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उन्होंने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय करके ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि गर्मी से राहत के लिए आम पन्ना, छाछ, लस्सी, सत्तू, शरबत, बेल पन्ना, पनाकम, नीर मोर, सांभरम, कोकम शरबत और सोल कढ़ी का सेवन करना उपयोगी है। उन्होंने कहा कि ये पेय पदार्थ ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दर्शाते हैं और इनमें पीढ़ियों का अनुभव समाहित है।

 

प्रधानमंत्री ने काशी के लंगड़ा, महाराष्ट्र के अल्फाज़ो, गुजरात के केसर और पश्चिम बंगाल के हिमसागर आम की चर्चा करते हुए कहा कि हर क्षेत्र के आम का स्वाद अनूठा और उसकी महक सोंधी होती है। श्री मोदी ने कहा कि आम ने वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाई है और आम हमारी कृषि अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड्स की अपनी हाल की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि नीदरलैंड्स सरकार ने चोलकालीन ताम्र-पट्टिकाएं भारत को लौटाई हैं। इससे दुनिया भर के तमिल समुदाय विशेष उत्साह है। उन्होंने कहा कि ये पट्टिकाएं चोल साम्राज्य की समुद्री ताक़त और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के साथ उनके संबंधों को दर्शाती हैं।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार देश की अमूल्य धरोहरों के संरक्षण के लिए प्रयासरत है। उन्होंने बताया कि ज्ञान भारतम अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के मल्हार में छठी-सातवीं शताब्दी के पांडु वंश के महर्षि बलार्जुन से जुड़ी दुर्लभ तांबे की तीन प्लेटें भी मिली हैं।

 

प्रधानमंत्री ने झारखंड की राजधानी रांची में आयोजित राष्ट्रीय वरिष्ठ एथलेटिक्स महासंघ प्रतियोगिता की चर्चा की। इसमें लगभग 800 एथलीटों ने भाग लिया था। श्री मोदी ने गुरिंदर वीर सिंह, विशाल टी.के., तेजस्विन शंकर, देव मीना और कुलदीप कुमार को चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने पर बधाई दी। उन्होंने 100 मीटर दौड़ में रिकॉर्ड तोड़ने वाले गुरिंदर वीर सिंह और अनिमेष कुजूर से बात भी की।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि खगोल विज्ञान ने देश की हर पीढ़ी में जिज्ञासा जगाई है। उन्होंने कहा कि खगोल विज्ञान देश में तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। श्री मोदी ने युवाओं से खगोल विज्ञान क्लब में शामिल होने और छुट्टियों के दौरान तारामंडल देखने की अपील की।

 

प्रधानमंत्री ने उत्तरप्रदेश में एक नहर में गंगा डॉल्फिन को बचाने वाले वीडियो का हवाला भी दिया। उन्होंने बताया कि नमामि गंगे अभियान के तहत बनाई गई भारत की पहली गंगा डॉल्फिन बचाव एम्बुलेंस ने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। श्री मोदी ने कहा कि गंगा डॉल्फिन संरक्षण से नदी की जैव विविधता और अमूल्य प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण भी होता है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने केरल में अलुवा के साजी वलाशेरिल के प्रयासों की सराहना की, जो निःशुल्क तैराकी क्लब चलाते हैं। वे 15 हजार से अधिक लोगों को तैराकी सिखा चुके हैं।

 

प्रधानमंत्री ने उत्तरप्रदेश के बस्ती के आकाश गुप्ता का जिक्र किया जिन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर गाँव की मनोरमा नदी को साफ किया। श्री मोदी ने गोवा के सेवानिवृत्त शिक्षक बालकृष्ण अय्या की कहानी भी साझा की जिन्होंने मद्दी-टोलाप क्षेत्र में जल-संकट के समाधान के लिए काम करना शुरू किया है।

 

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के नागरकोइल में 15 स्कूल चलाने वाली शिक्षिका गिरिजा अम्मा की भी बात की जिन्होंने ‘मन की बात’ से प्रेरित होकर देश के सैनिकों के लिए योगदान देने का संकल्प लिया है। गिरिजा अम्मा ने बहादुर सैनिकों के लिए रोज़ एक रुपया दान करने की अपील बच्चों से की और इससे मिले लगभग 40 लाख रुपये प्रधानमंत्री को सौंपे।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने चेन्नई के पहले हिंदू विद्यालय का उल्लेख किया जिसने पिछले वर्ष अपनी 50 वर्ष पूरे किए थे। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय नेटवर्क ने देश की शिक्षा और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा देने में सराहनीय भूमिका निभाई है। श्री मोदी ने देशवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास समाज की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रहे लोगों को पहचानें और स्वयं भी अच्छे कार्यों से जुड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *