प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेंगे रघुनाथ कीर्ति के रत्नदीप
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेंगे रघुनाथ कीर्ति के रत्नदीप
देवप्रयाग। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर, देवप्रयाग के प्राक्शास्त्री (ग्यारहवीं) छात्र रत्नदीप शुक्ला का चयन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम के लिए हुआ है। भारत सरकार के युवा एवं खेल मंत्रालय की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन दिल्ली में 10 से 12 जनवरी तक किया जाएगा। इसका विषय ‘भारत को स्टार्ट अप की राजधानी बनाना, प्राचीन गौरव एवं आधुनिक पहल’ है।
रत्नदीप शुक्ला ने तीन चरणों की परीक्षा उत्तीर्ण कर उत्तराखंड राज्य 72 प्रतिभागियों में स्थान बनाया है। जुगराजपुर,गोंडा, उत्तर प्रदेश के रहने वाले रत्नदीप श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के भी स्वयंसेवक हैं। उत्तराखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करने वाले रत्नदीप अपनी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित हैं। उन्होंने बताया कि यह अभी तक उनके जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में विकसित भारत को लेकर हिंदी और अंग्रेजी में प्रश्न पूछे गये थे।
गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता में पूरे भारत में स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के 12 में से तीन परिसरों -अगरतला, भोपाल और देवप्रयाग से एक-एक छात्र चयनित हुए हैं। सबसे पहले क्विज, उसके बाद निबंध प्रतियोगिता और फिर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन हुआ था। रत्नदीप ने इन तीनों प्रतियोगिताओं को पार किया।
केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर देवप्रयाग के निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने रत्नदीप को इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि रत्नदीप की इस उपलब्धि पर श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर गौरवान्वित है। यह अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्पद है।