उत्तराखंड में वार्ड बॉय व पर्यावरण मित्र के 1046 पदों पर शीघ्र होगी भर्ती
उत्तराखंड में वार्ड बॉय व पर्यावरण मित्र के 1046 पदों पर शीघ्र होगी भर्ती
देहरादून-चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में 1046 रिक्त पड़े पर्यावरण मित्र एवं चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों के पदों पर शीघ्र भर्ती की जायेगी। इन पदों को आउटसोर्स के जरिये भरा जायेगा। जबकि रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून व ऊधमसिंह नगर जिलों में चतुर्थ श्रेणी व पर्यावरण मित्रों की भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं के सुदृढ़ीकरण एवं विस्तारीकरण को लेकर तमाम प्रयास कर रही है। जिसके लिये अस्पतालों में बुनियादी ढांचे से लेकर आधुनिक चिकित्सा उपकरण व मानव संसाधन मुहैया कराया जा रहा है। डॉ रावत ने बताया कि चतुर्थ श्रेणी व पर्यावरण मित्र के इन पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरा जायेगा। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाते हुए आउटसोर्स कंपनी का चयन कर युवाओं को शीघ्र नियुक्त करने के निर्देश दिये हैं।
