सपना राणा को जर्मनी में मिली नौकरी, सीएम धामी ने दी बधाई
सपना राणा को जर्मनी में मिली नौकरी, सीएम धामी ने दी बधाई
देहरादून-उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में टिहरी गढ़वाल की नर्सिंग प्रशिक्षित युवा महिला सुश्री सपना राणा ने मुलाकात की। सुश्री सपना राणा ने राज्य सरकार की ‘मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना’ के तहत जर्मन भाषा का प्रशिक्षण प्राप्त कर भाषा परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके बाद उन्हें जर्मनी के हैमबर्ग शहर के प्रसिद्ध शॉन क्लीनिक हॉस्पिटल (Schön Klinik) में 3,060 यूरो (लगभग ₹3,30,000) प्रति माह के आकर्षक वेतन पर नर्सिंग पद के लिए नियुक्ति पत्र प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस बड़ी उपलब्धि पर सपना को बधाई और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की इस विशेष योजना के तहत कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत गठित ‘विदेश रोजगार प्रकोष्ठ’ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध रोजगार के अवसरों से उत्तराखंड के युवाओं को जोड़ने के लिए लगातार काम कर रहा है। वर्तमान में यह प्रकोष्ठ प्रदेश के युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार दिलाने के लिए मुफ्त भाषा प्रशिक्षण दे रहा है। सरकार के इन प्रयासों के चलते अब तक करीब 65 युवाओं को जापान में भी रोजगार मिल चुका है।
टिहरी की बेटी ने बढ़ाया मान, कैबिनेट मंत्री ने जताई खुशी
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि जर्मनी में नर्सिंग क्षेत्र में उत्तराखंड के युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मौजूद हैं, इसी को देखते हुए युवाओं को जर्मन भाषा सिखाई जा रही है। उन्होंने सपना राणा की सफलता की यात्रा के बारे में निम्नलिखित महत्वपूर्ण बातें साझा कीं:
स्कूली शिक्षा: जवाहर नवोदय विद्यालय, पोखाल (टिहरी गढ़वाल)।
नर्सिंग की शिक्षा: स्टेट नर्सिंग कॉलेज, देहरादून।
सफलता का जरिया: राज्य सरकार की मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना।
उपलब्धि: जर्मन भाषा सीखकर सीधे हैमबर्ग (जर्मनी) के अस्पताल में ₹3.30 लाख मासिक वेतन पर चयन।
