आज का राशिफल
मेष –
आज दौड़-भाग रहेगी लेकिन किसी रिश्तेदार या दोस्त की मदद से आपकी हिम्मत और बढ़ेगी। परिवार की जिम्मेदारी भी अच्छे से निभा लेंगे। फोन या ईमेल के माध्यम से कोई खास सूचना भी मिलेगी। संतान की किसी उपलब्धि से मन में प्रसन्नता रहेगी। उचित व्यवस्था हो जाने के बावजूद मन में कुछ असमंजस बना रहेगा, अपना मनोबल मजबूत रखें। गुस्से और वहम जैसी कमियों में सुधार लाएं। आय के साथ-साथ खर्चे भी बढ़ेंगे। अगर किसी व्यक्ति पर भरोसा करके कोई निर्णय लेने वाले हैं, तो उचित सोच विचार करना जरूरी है। जल्दबाजी ना करें। कार्यस्थल पर कर्मचारियों का सहयोग व्यावसायिक व्यवस्था को उचित बनाए रखेगा। महत्वपूर्ण फैसला लेने में दिक्कत हो सकती है, वरिष्ठ लोगों से सलाह-मशवरा करने से आपको उचित समाधान मिलेगा। नौकरी में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल सकती है। घर में किसी खास वस्तु की शॉपिंग होने से खुशी भरा माहौल रहेगा। प्रेम संबंधों में भी प्रगाढ़ता आएगी। उमस भरे मौसम की वजह से एलर्जी और इन्फेक्शन की समस्या रह सकती है। हाइजेनिक रहें तथा सिंथेटिक कपड़ों को ना धारण करें।
वृष –
दिन व्यवस्थित रहेगा। थकान भरी दिनचर्या से राहत पाने के लिए कुछ समय अपने रुचि पूर्ण और मन मुताबिक कार्यों के लिए जरूर निकालें। ऐसा करने से आपको सुकून और नई ऊर्जा महसूस होगी। किसी ऐसे व्यक्ति से भी मुलाकात होगी, जिससे आपको उचित मार्गदर्शन मिलेगा। कहीं भी वाद-विवाद की स्थिति बनने पर उसे सुलझाने की कोशिश करें, वरना इसकी वजह से नजदीकी व्यक्ति से संबंध भी खराब हो सकते हैं। किसी नजदीकी संबंधी के वैवाहिक जीवन में चल रही परेशानियों का निवारण करने में आपके अपने कार्य रुक सकते हैं। बिजनेस में रुकावट आ सकती है, लेकिन पब्लिक डीलिंग और मार्केटिंग के कामों में सफलता की उम्मीद है। ज्यादातर काम घर से ही फोन से हो जाएंगे। मशीनरी या लोहे से संबंधी बिजनेस में अचानक खर्चे हो सकते हैं। घर में अनुशासन पूर्ण वातावरण रहेगा। जीवनसाथी तथा परिवार जनों का आपको उचित सहयोग मिलेगा। प्रेम संबंधों में एक दूसरे के लिए समय निकालना जरूरी है। इंफेक्शन और एलर्जी की समस्याओं के निवारण के लिए प्रदूषित वातावरण से अपना बचाव रखना जरूरी है।
मिथुन –
दिन कुछ व्यस्तता से भरा रहेगा। लेकिन आपके प्रयासों से व्यवस्था भी बनती जाएगी। किसी मित्र की मदद द्वारा कोई मुश्किल राह आसान होने से संतुष्टि का भाव रहेगा। दैनिक कार्य सुगमता से संपन्न होते जाएंगे। युवाओं को अपने करियर से संबंधित कोई उपलब्धि हासिल हो सकती है। कुछ खर्चे ऐसे भी आएंगे कि जिन पर कटौती करना नामुमकिन ही रहेगा। परिवार में भाई-बहनों से मदद लेनी पड़ सकती है। विचारों में प्रतिकूलता की वजह से पड़ोसियों अथवा आसपास के लोगों के साथ सामंजस्य बिठाने में कुछ परेशानी रहेगी। बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखें। कारोबार में उलझन रहेगी, लेकिन आपकी कोशिशों से उनका निवारण करने में काफी हद तक सफलता मिलेगी। किसी कर्मचारी की वजह से हो रही समस्या को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाएं, तनाव लेने से परिस्थितियां और बिगड़ सकती हैं। नौकरीपेशा लोगों के लिए आज का दिन बेहतरीन रहेगा। मुश्किल समय में परिवार तथा जीवन साथी के संयोग से आपका मनोबल बना रहेगा। प्रेम प्रसंगों के मामले में लकी रहेंगे। अत्यधिक तनाव और चिंता की वजह से अनिद्रा और बेचैनी की समस्या रहेगी। सकारात्मक रहें और संयम बनाकर रखें।
कर्क –
लंबे समय से उधार दिया पैसा वापस मिल सकता है। किसी नजदीकी यात्रा पर भी जाने का प्लान बनेगा। भाइयों अथवा निकट संबंधी के साथ कुछ लाभकारी योजनाओं पर विचार विमर्श होगा। आध्यात्मिक गतिविधियों में भी आपकी आस्था बढ़ेगी। लेन-देन के मामलों में सावधानी बरतें। तनाव की वजह से किसी भी काम को टालने का प्रयास ना करें। ससुराल पक्ष के साथ संबंध मधुर बनाए रखने में आपको ही प्रयास करने होंगे। विद्यार्थी मौजमस्ती में पड़कर अपनी पढ़ाई से किसी भी तरह का समझौता ना करें। बिजनेस में उलझनें रहेंगी, लेकिन मेहनत से उनको सुलझा लेंगे। किसी भी कार्य में अपने निर्णय को ही प्राथमिकता दें, दूसरों की बातों में आकर नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऑफिस में कुछ राजनैतिक जैसा माहौल रहेगा। व्यस्तता के बावजूद कुछ समय परिवार जनों के साथ मनोरंजन और आमोद-प्रमोद में भी व्यतीत होगा। लव अफेयर्स के मामले में कुछ निराशा रह सकती है। तनावजनक परिस्थितियों से दूर रहें, वरना इसका नकारात्मक असर आपकी सेहत पर पड़ेगा और कमजोरी महसूस होगी।
सिंह –
फाइनेंस के मामलों में दिन अच्छा रहेगा। किसी ऐसे परिचित से भी मुलाकात होगी जिससे आपका मन प्रसन्न रहेगा। योजनाबद्ध तरीके से कार्यों को अंजाम देने से सभी कार्य सिस्टम से बनते जाएंगे। आज का दिन घर से बाहर निकल कर काम पर भी ध्यान देने का है। हालांकि कुछ चुनौतियां आएंगी लेकिन धीरे-धीरे स्थिति अनुकूल भी हो जाएगी। साथ ही मन में बच्चों की किसी नकारात्मक बात की वजह से गुस्सा व चिड़चिड़ापन महसूस होगा। घर में जो सुधार की योजनाएं बन रही थीं उस पर भी पुनर्विचार अवश्य करें। कार्यस्थल की सभी गतिविधियों पर अपनी नजर रखना जरूरी है। सहयोगियों और कर्मचारियों पर अधिक विश्वास ना करें। मशीनरी से जुड़े बिजनेस में फायदे की स्थिति में रहेंगे। नौकरी के लिए प्रयासरत युवाओं को कोई खुशखबरी मिल सकती है। किसी भी असमंजस की स्थिति में जीवनसाथी का भी परामर्श अवश्य लें। इससे संबंधों में भी नज़दीकियां आएंगी। विवाह योग्य लोगों के लिए आज उत्तम प्रस्ताव आने वाला है। मन में कभी-कभी कुछ नकारात्मक विचारों की वजह से आपका मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य प्रभावित होगा। स्त्री वर्ग अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
कन्या –
किसी भी कार्य तथा मेहनत का उचित परिणाम हासिल होगा। दूसरों से भी अपना काम निकलवाने में सफल रहेंगे। संतान की कोई समस्या चल रही है तो उसे सुलझाने का उचित समय है। विद्यार्थियों को भी शिक्षा व करियर से संबंधित समस्याओं से राहत मिलेगी। लेनदेन के मामले में सावधानी बरतने की जरूरत है। घर की व्यवस्था में सहयोग देना भी आपकी जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की भविष्य संबंधी योजनाएं बनाते समय अपने ही निर्णय को प्राथमिकता दे, दूसरों की बातों में आने से परेशानी आ सकती है। बिजनेस में प्रभावशाली लोगों से मुलाकात होगी। आपको अपनी काबिलियत दिखाने का भी मौका मिलेगा। मार्केट में रुका हुआ पैसा हासिल करने जैसे मामले में धैर्य रखने की जरूरत है।
पति-पत्नी को मनोरंजन आदि में समय में व्यतीत करने का मौका मिलेगा। प्रेम संबंधों में किसी नकारात्मक बात को लेकर मनमुटाव की स्थिति बन सकती है। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। कभी-कभी वर्तमान मौसम के प्रभाव की वजह से कमजोरी और थकान की स्थिति रह सकती है।
तुला –
आज दिन शुभ व्यतीत होगा। किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़े व्यक्ति की मदद आपके लिए फायदेमंद साबित होगी। कोई पुराना रुका हुआ कार्य भी बनता हुआ नजर आ रहा है। बच्चों को प्रतियोगिता संबंधी किसी गतिविधि में मनोनुकूल परिणाम मिलने की संभावना है। आलस या मौजमस्ती की वजह से महत्वपूर्ण कार्यों को नजरअंदाज ना करें, वरना आपका कोई लक्ष्य हाथ से निकल सकता है। घर के बड़े बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना अति आवश्यक है, क्योंकि उनकी समस्या बढ़ सकती है। परिवार के बच्चे आज आपसे कुछ ज्यादा ही फरमाइशें कर सकते हैं। कारोबारी मामलों में स्थिति अच्छी रहेगी। किसी बड़ी कंपनी के साथ व्यावसायिक रूप से जुड़ने की नीति कामयाब रहेगी और सफल भी होगी। पार्टनरशिप में अपने सहयोगी के साथ तालमेल ना खराब होने दें। नौकरी में वेतन वृद्धि या पद बढ़ने की संभावना है। पारिवारिक सदस्यों के बीच एक दूसरे के प्रति सहयोग और सामंजस्य की भावना रहेगी। प्रेम प्रसंगों में मर्यादा और आपसी सम्मान का ध्यान रखें। ब्लड प्रेशर तथा डायबिटिक लोग अपना नियमित चेकअप जरूर करें। जरा सी लापरवाही आपके स्वास्थ्य को खराब करेगी।
वृश्चिक –
आज किसी मांगलिक समारोह में सम्मिलित होने का अवसर मिलेगा। कोई रुका हुआ पैसा मिलने से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। अपना स्टेटस और अधिक बेहतर बनाने के लिए भी कुछ प्रयास रहेंगे। बच्चे अपनी समस्या आपसे शेयर करेंगे और आपका भी उचित सहयोग रहेगा। दिखावे के चक्कर में अत्यधिक खर्च करने से परहेज करें। घर में बहुत अधिक टोका-टाकी रखने से पारिवारिक लोगों को परेशानी हो सकती है, इस बात का अवश्य ध्यान रखें। किसी संबंधी की दिक्कत से आपको चिंता रहेगी, उनकी दिक्कतों को दूर करने में सहायता दें। व्यावसायिक गतिविधियां व्यवस्थित रहेंगी तथा स्टाफ का भी पूर्ण सहयोग रहेगा। कामकाजी महिलाएं अपने व्यवसाय में विशेष रूप से सफलता पाएंगी। शेयर्स, तेजी-मंदी जैसी गतिविधियों में अच्छा मुनाफा होने की उम्मीद है। नौकरी पेशा लोगों का ऑफिस में पॉजिटिव वातावरण की वजह से कार्य क्षमता में भी निखार आएगा। दांपत्य जीवन खुशनुमा रहेगा और घर में भी सुख-शांति बनी रहेगी। प्रेम संबंधों में भी नज़दीकियां बढ़ेंगी। स्किन इंफेक्शन या कोई एलर्जी की समस्या बढ़ सकती है, इसलिए अपनी जांच अवश्य करवाएं तथा इलाज लें।
धनु –
जो लोग स्थान परिवर्तन के लिए इच्छुक हैं, आज उनकी यह इच्छा पूरी भी होने की संभावना है। आपकी सकारात्मक सोच से आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा। पारिवारिक तथा सामाजिक गतिविधियों में भी आपका योगदान रहेगा। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में भी आपका रुझान बना रहेगा। किसी व्यक्तिगत कारण की वजह से किसी महत्वपूर्ण कार्य में व्यवधान भी आने की आशंका है। युवा करियर के लिए थोड़ा और गंभीरता से विचार करें। इगो और अति आत्मविश्वास आपकी कभी-कभी कमजोरी बन जाती है। इन कमियों पर काबू पाने से आपकी कई परेशानियां हल हो जाएंगी। व्यवसाय संबंधी लाभदायक परिस्थितियां बनी हुई हैं। लेकिन सहकर्मियों के साथ सामंजस्य बिठाने में थोड़ी दिक्कत आएगी। प्रॉपर्टी के बिजनेस से जुड़े लोगों की बड़ी डील हो सकती है। सरकारी नौकरीपेशा लोगों को एक्स्ट्रा जिम्मेदारी मिल सकती है। रुतबा बढ़ेगा और यात्रा भी हो सकती है। भाई बहनों के साथ मधुरता पूर्ण संबंध बनेंगे तथा परिवार में आपसी रिश्तो में और अधिक मधुरता आएगी। प्रेम संबंधों के मामले में दूसरे के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार रखें। तनाव होने जैसी गतिविधियों से खुद को दूर ही रखें। सिर दर्द और थकान की समस्या रहेगी।
मकर –
पिछले कुछ समय से चल रहे तनाव से राहत मिलेगी। अनुभवी लोगों के सानिध्य में आपको कुछ सकारात्मक अनुभव मिलेंगे। पूरी मेहनत से अपने कार्यों को अंजाम दें तथा सामाजिक तथा सोसाइटी कार्यों में आपका रुतबा रहेगा। घर में संबंधियों की आवा-जाही से खुशनुमा माहौल बनेगा। कुछ लोग आपकी पीठ पीछे कोई षड्यंत्र या अफवाह फैला सकते हैं। किसी भी नकारात्मक परिस्थिति में गंभीरता और सहनशीलता का परिचय देने की जरूरत है। अपने ऊपर अतिरिक्त कार्यभार लेने से परहेज करें। विद्यार्थी लोग विशेष रूप से अपने लक्ष्य के प्रति ध्यान केंद्रित रखें। बिजनेस के रुके हुए काम पूरे करने में सफलता मिल सकती है। कुछ अन्य काम की भी शुरुआत करने की योजना बन रही है तो उस पर भी विचार-विमर्श तथा अमल करने का उचित समय है। ऑफिस में अपने प्रोजेक्ट संबंधित फाइलें बहुत ही संभालकर रखें। मित्रों के साथ कोई पारिवारिक मनोरंजक यात्रा का प्लान बन सकता है। खुशनुमा समय व्यतीत होगा। प्रेमी-प्रेमिका एक दूसरे की भावनाओं का सम्मान करें। महिला वर्ग अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। इंफेक्शन जैसी समस्या से परेशानी रहेगी। आयुर्वेदिक इलाज आपके लिए ज्यादा फायदेमंद रहेगा।
कुंभ –
उत्तम समय है अपनी मेहनत और क्षमताओं का उचित उपयोग करके सफलता पाने में सक्षम रहेंगे। व्यवस्थित रहने के लिए गहन चिंतन और सोच-विचार करना आपके व्यक्तित्व में परिवर्तन लाएगा। प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त से संबंधित कार्यों को तुरंत क्रियान्वित करना उचित रहेगा। हालांकि अपने आसपास के लोगों के साथ तालमेल बिठाने में कुछ मुश्किलें आएंगी। फाइनेंस संबंधी कार्यों को करते समय बहुत अधिक ध्यान रखें। नुकसान भी हो सकता है। युवाओं का अपने कार्य के प्रति मनोनुकूल परिणाम ना मिलने कारण के मन में कुछ उदासी जैसा भाव भी रहेगा। व्यवसाय में जितनी मेहनत करेंगे उतने ही बेहतर परिणाम भी मिलेंगे। लेकिन मार्केटिंग संबंधी किसी भी कार्य में जल्दबाजी ना करें। इस समय आर्थिक मंदी रह सकती है। सरकारी सेवारत व्यक्तियों को कोई महत्वपूर्ण अथॉरिटी मिलने से कार्यभार बढ़ेगा। पति-पत्नी के बीच मधुरता रहेगी। घर के सदस्य एक दूसरे की भावनाओं और जरूरतों का ध्यान रखेंगे। लव पार्टनर को कुछ उपहार देना आपसी संबंधों में खुशहाली लाएगा। कफ प्रकृति के लोग वर्तमान वातावरण से अपना उचित बचाव अवश्य रखें। आयुर्वेदिक चीजों का अधिक सेवन करें।
मीन –
बड़ों का सानिध्य मिलेगा और घर में सुख सुविधा संबंधी वस्तुओं की खरीदारी भी रहेगी। किसी प्रतिष्ठित व्यक्ति से मुलाकात द्वारा कुछ बेहतरीन जानकारियां हासिल होंगी। अगर कोई सरकारी मामला फंसा हुआ है तो उससे संबंधित फैसला आपके पक्ष में होने की संभावना है। कोई भी महत्वपूर्ण निर्णय लेने में दूरदर्शिता बनाए रखें जल्दबाजी करना उचित नहीं है। कोई लोन लेने की योजना बनाई है तो उससे संबंधित अभी और अधिक जानकारियां लेने की जरूरत है। व्यर्थ की मौजमस्ती और गतिविधियों में समय नष्ट ना करके अपने कार्यों में ही व्यस्त रहें। व्यवसाय में गति आएगी, लेकिन फाइनेंस से जुड़े व्यापार में सरकारी काम बहुत ही मजबूती से करें। सरकारी सेवारत लोगों के कार्य स्थल पर किसी प्रकार की राजनीति चल सकती है। दूसरों के मामले में ध्यान ना देकर अपने काम से ही मतलब रखें। पति-पत्नी पारिवारिक समस्याओं को आपसी तालमेल से सुलझाने की कोशिश करें तो जल्दी ही समस्या हल हो जाएगी। प्रेम प्रसंगों के मामले में लापरवाही करना दूरियां ला सकता है। ज्यादा थकान की वजह से सिर दर्द और कमजोरी महसूस हो सकती है। आध्यात्मिक गतिविधियों, मेडिटेशन आदि में कुछ समय व्यतीत करना आपको सुकून देगा।