मुख्यमंत्री ने उत्तरायणी कौतिक मेले का किया शुभारंभ, पर्वतीय विकास भवन व मंच निर्माण की घोषणा
मुख्यमंत्री ने उत्तरायणी कौतिक मेले का किया शुभारंभ, पर्वतीय विकास भवन व मंच निर्माण की घोषणा
खटीमा, 13 जनवरी 2026 (सू0वि0)।
माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कुमाऊँ सांस्कृतिक उत्थान मंच खटीमा द्वारा बीज निगम परिसर में आयोजित उत्तरायणी कौतिक मेले का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पर्वतीय विकास भवन के निर्माण की घोषणा करते हुए जिलाधिकारी को भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तरायणी मेले को सरकारी कैलेंडर में शामिल कर आर्थिक सहायता देने तथा समिति के अनुरोध पर मंच निर्माण की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तरायणी पर्व हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन दर्शन का उत्सव है, जो नई ऊर्जा और नई शुरुआत का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ती है।
मुख्यमंत्री ने खटीमा के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, खेल और औद्योगिक ढांचे को सशक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि खटीमा केवल उनकी विधानसभा नहीं, बल्कि उनका घर है और इसके विकास की गति कभी रुकने नहीं दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति और अवैध कब्जों पर कठोर कार्रवाई कर प्रदेश में सुशासन की मजबूत नींव रखी है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में मेलार्थी उपस्थित रहे।
