रघुनाथ कीर्ति में बालगुरुकुल का उद्घाटन कल, कर्नाटक के मठाधीश श्री श्री श्री विद्याधीश तीर्थ महास्वामी करेंगे शुभारंभ
रघुनाथ कीर्ति में बालगुरुकुल का उद्घाटन कल, कर्नाटक के मठाधीश श्री श्री श्री विद्याधीश तीर्थ महास्वामी करेंगे शुभारंभ
देवप्रयाग। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में खुलने वाले बाल गुरुकुल का उद्घाटन 13 जुलाई को भव्य रूप में होने जा रहे है। इसका शुभारंभ पलिमरु उडुपि मठ कर्नाटक के मठाधीश अनंत श्री श्री श्री विद्याधीश तीर्थ महास्वामी करेंगे। उनके साथ उनके अनेक अनुयायियों के भी उपस्थित रहने की संभावना है।
परिसर निदेशक प्रो0 पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने प्रेस वार्ता में बताया कि श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में यह बालगुरुकुल सर्वज्ञ बालगुरुकुल के नाम से खोला जा रहा है। इसमें कक्षा-6 और कक्षा-9 में इस बार प्रवेश दिया जा रहा है। इसके बाद इन्हीं कक्षाओं के छात्र आगे की कक्षाओं में प्रोन्नत होते जाएंगे। छात्रों के आवास और भोजन की व्यवस्था परिसर में ही बहुत ही मामूली शुल्क पर की जाएगी। प्रो0 सुब्रह्मण्यम ने बताया कि छात्रों के अध्ययन में संस्कृत मुख्य विषय होने के साथ ही हिंदी, अंग्रेजी, विज्ञान, गणित इत्यादि विषयों का भी अध्ययन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कठोर अनुशासन और नैतिकता में रहकर यहां छात्र स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मंे अध्ययन कर पाएंगे।
निदेशक प्रो0 सुब्रह्मण्यम ने बताया कि उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे सुविधासंपन्न और अध्ययन-अध्यापन के माहौल के गुरुकुलों की नितांत आवश्यकता थी। इसीके दृष्टिगत कुलपति प्रो0 श्रीनिवास वरखेड़ी ने देवप्रयाग जैसे महत्त्वपूर्ण तीर्थ और उत्तराखंड के प्रथम प्रयाग में ऐसे गुरुकुल को खोलने का निर्णय लिया है। बालगुरुकुल में पढ़ने वाले छात्रों को आगे की बड़ी कक्षाओं की पढ़ाई के लिए अन्य महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में जाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। वे आचार्य (एमए) और पीएचडी तक की पढ़ाई इसी परिसर अथवा हमारे ही विश्वविद्यालय के अन्य परिसरों में कर सकते हैं। उत्तराखंड में संस्कृत शिक्षा के क्षेत्र में यह गुरुकुल मजबूत बुनियाद साबित होगा। अनंत श्री श्री श्री विद्याधीश तीर्थ महास्वामी जैसे प्रसिद्ध संत द्वारा इसका उद्घाटन किया जाना हमारे लिए गौरव की बात है।
अभी तक इस गुरुकुल में 54 आवेदन आए हैं,जो दिल्ली,उत्तर प्रदेश, हिमाचल, उत्तराखंड और बिहार से हैं।
