मुख्य सचिव ने दिए ट्रैकिंग और माउंटेनियरिंग के लिए पॉलिसी तैयार करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने दिए ट्रैकिंग और माउंटेनियरिंग के लिए पॉलिसी तैयार करने के निर्देश
देहरादून-मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने ट्रैकिंग और माउंटेनियरिंग के लिए पॉलिसी तैयार किए जाने के निर्देश दिए हैं। देहरादून सचिवालय में इको टूरिज्म के संबंध में उच्च अधिकार प्राप्त समिति की बैठक में मुख्य सचिव ने ट्रैकिंग और माउंटेनियरिंग की एक इंटीग्रेटेड पॉलिसी 15 जनवरी तक फाइनल करते हुए शासन को प्रस्तुत किए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि पॉलिसी तैयार किए जाने से पूर्व प्राईवेट स्टैक होल्डर्स से भी संवाद कर लिया जाए, ताकि आने वाली व्यवहारिक समस्याओं से बचा जा सके। मुख्य सचिव ने ट्रैकिंग के लिए नई चोटियां खोले जाने की दिशा में कार्य किए जाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्यावरण ऑडिट सहित अन्य सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने शीघ्र ही इसकी एसओपी भी जारी किए जाने की बात भी कही है।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रदेश का अधिकतर भूभाग वनाच्छादित होने से प्रदेश में इको टूरिज्म की अत्यधिक सम्भावनाएं हैं। जिसको देखते हुए इको टूरिज्म की सम्भावनाओं को तलाशते हुए ऐसे स्पॉट चिन्हित कर विकसित किए जाएं जो इको टूरिज्म के लिए इको सिस्टम तैयार करें। उन्होंने चौरासी कुटिया के जीर्णोद्धार का कार्य भी शीघ्र पूर्ण किए जाने के निर्देश दिए मुख्य सचिव ने इको टूरिज्म के लिए जबरखेत मॉडल को अन्य चिन्हित इको टूरिज्म स्थलों पर भी लागू किए जाने की बात कही।
मुख्य सचिव ने वन क्षेत्र के अंतर्गत पर्यटन गतिविधियों के संचालन के लिए मैकेनिज्म तैयार किए जाने की बात करते हुए कहा कि इको टूरिज्म साइट्स के इको टूरिज्म डेवेलपमेंट बोर्ड के माध्यम से संचालन हेतु शीघ्र ही एमओयू भी किया जाए। इसके अलावा उन्होंने पर्यटन के लिए फॉर्मल ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किए जाने और प्रशिक्षण के बाद सर्टिफिकेट दिए जाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण प्रमाणीकरण के लिए पर्यटन विभाग को जिम्मेदारी दिए जाने की बात कही और कहा कि उच्च शिक्षा विभाग से भी इसके लिए सुझाव लिए जाएं।
