उत्तराखंडशिक्षा

मुख्य सचिव ने ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से की संवाद

मुख्य सचिव ने ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं से की संवाद

देहरादून, 19 जनवरी 2026 (सू. ब्यूरो) — मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सोमवार को ननूरखेड़ा स्थित राजीव गांधी नवोदय विद्यालय पहुंचकर ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के तहत प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि हर बच्चा खास होता है और प्रत्येक में कोई न कोई विशेष प्रतिभा अवश्य होती है। उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों की क्षमताओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

उद्योग, विज्ञान और शिक्षा जगत से संवाद की पहल

मुख्य सचिव ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि ‘शिक्षा की बात’ कार्यक्रम के दायरे को और व्यापक बनाया जाए। इसके तहत उद्योगपतियों, वैज्ञानिकों, प्रोफेसरों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे व्यक्तियों से बच्चों की नियमित बातचीत कराई जाए, ताकि उन्हें करियर मार्गदर्शन और प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि इस पहल की शुरुआत क्लस्टर विद्यालयों से करते हुए सभी विद्यालयों को इससे जोड़ा जाए।

तकनीक पर नियंत्रण, न कि तकनीक का हम पर

बच्चों से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि आज का युग मोबाइल और तकनीक का है, लेकिन आवश्यक है कि हम तकनीक पर नियंत्रण रखें, न कि तकनीक हम पर हावी हो। उन्होंने पुस्तकों, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को जीवन में संतुलन और मजबूती का आधार बताया।

मेहनत और अनुशासन से ही सफलता

मुख्य सचिव ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने से ही बेहतर परिणाम मिलते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अच्छे नागरिक बनकर देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियां निभाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

विज्ञान प्रोजेक्ट्स का अवलोकन

इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्रों द्वारा तैयार किए गए विज्ञान प्रोजेक्ट्स का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। साथ ही बच्चों को देहरादून भ्रमण कराने तथा कौशल विकास विभाग के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के दौरे की व्यवस्था करने की बात कही, ताकि उन्हें व्यावहारिक ज्ञान भी प्राप्त हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *