युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू
हरिद्धार-राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय भारत सरकार, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत एनसीसी कैडेट्स के लिए सात दिवसीय आपदा खोज-बचाव, प्राथमिक उपचार एवं अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से IIT रुड़की में शुरू हो गया है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 03 दिसम्बर 2025 तक IIT रुड़की परिसर में संचालित किया जाएगा, जिसमें एनसीसी कैडेट्स को आपदा प्रबंधन से संबंधित प्रायोगिक एवं सैद्धांतिक ज्ञान—जैसे खोज एवं बचाव तकनीक, प्राथमिक उपचार, अग्नि सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, और आपदा के पूर्व तैयारी—का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन 10 बटालियन एनसीसी रुड़की के कर्नल एस. चक्रवर्ती द्वारा किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाने और आपदा की घड़ी में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। मास्टर ट्रेनर मनोज कंडियाल ने प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्देश्य, मॉड्यूल तथा भविष्य में प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की महत्ता के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
