दिल्ली में हुई विस्फोट की घटना के बाद प्रदेश के 62 स्थानों पर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
दिल्ली में हुई विस्फोट की घटना के बाद प्रदेश के 62 स्थानों पर पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च
देहरादून-देश की राजधानी दिल्ली में हाल ही में हुई कार विस्फोट की घटना के बाद उत्तराखण्ड पुलिस द्धारा राज्य के सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ और सतर्क बनाने के उद्देश्य से व्यापक फ्लैग मार्च आयोजित किए गए। प्रदेशभर में कुल 62 स्थानों पर फ्लैग मार्च निकाले गए, जिनमें हर की पैड़ी, ऋषिकेश, श्री बद्रीनाथ धाम, देहरादून, रामनगर, हल्द्वानी, नैनीताल, रुद्रपुर, अल्मोड़ा, पौड़ी सहित सभी जिला मुख्यालयों के प्रमुख सार्वजनिक स्थल शामिल रहे।
फ्लैग मार्च में पुलिस, पीएसी, क्विक रिएक्शन टीम (QRT) और होमगार्ड के जवानों ने शहरों, बाजारों, प्रमुख धार्मिक स्थलों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, मॉल और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पैदल गश्त व सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु और गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या नजदीकी थाने में देने की अपील भी की।
