हर्षिल में भारतीय सेना शुरू करेगी कम्युनिटी रेडियो, ‘Ibex Tarana 88.4’
हर्षिल में भारतीय सेना शुरू करेगी कम्युनिटी रेडियो, ‘Ibex Tarana 88.4’
उत्तरकाशी- उत्तरकाशी जिले की हर्षिल घाटी में भारतीय सेना कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन शुरू करने जा रही है। ‘Ibex Tarana 88.4’ रेडियो सीमांत इलाके में स्थानीय संस्कृति, कृषि, मौसम, स्वास्थ्य और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सूचनाएं पहुंचाकर सेना और ग्रामीणों के बीच संवाद को मजबूत करेगा। इस रेडियो स्टेशन से वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत शामिल 8 गांवों को सीधा लाभ मिलेगा। चारधाम यात्रा के दौरान ट्रैफिक अपडेट, मौसम संबंधी जानकारी, काश्तकारों के लिए कृषि सुझाव, गांवों से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं और स्थानीय कार्यक्रमों का प्रसारण भी किया जाएगा।
सेना का यह स्टेशन लगभग 15 किलोमीटर के दायरे में प्रसारण करेगा। विशेष बात यह है कि इसे इंटरनेट प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे देश-विदेश में बैठे लोग भी हर्षिल घाटी की आवाज सुन सकेंगे। राजकीय इन्टर कॉलेज हर्षिल में यह रेडियो स्टेशन बनाया गया है। आपदा के दौरान संचार व्यवस्था बाधित होने पर यह रेडियो त्वरित सूचना देने का प्रमुख माध्यम बनेगा। सेना के अनुसार रेडियो संकट के समय सबसे विश्वसनीय और प्रभावी संचार माध्यम साबित होता है। इतना ही नहीं रेडियो स्टेशन खुलने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर भी बढ़ेंगे। कार्यक्रम निर्माण, तकनीकी संचालन और रिकॉर्डिंग जैसे क्षेत्र युवाओं को नई दिशा देंगे।
हर्षिल के स्थानीय मधवेन्द्र ने बताया की घाटी में कई बार नेटवर्क सेवा बंद रहती है, community रेडियो से सूचनाओं के आदान-प्रदान में सहायता मिलेगी।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने बताया की हर्षिल में आर्मी द्वारा कम्युनिटी रेडियो, ‘Ibex Tarana 88.4 स्थापित किया गया है, जिसका संचालन जल्द शुरू किया जाएगा। यह आर्मी की एक अच्छी पहल है, इस से सीमांत गाँव मे रहने वाले गांवों में सूचना संचार मजबूत होगा।
ग़ौरतलब है कि, भारतीय सेना द्वारा रेडियो IBEX TARANA 88.4 चमोली जिले के ज्योतिर्मठ में पहले से ही संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्घाटन जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने जून 2025 मे किया था। यह चमोली जिले के ज्योतिर्मठ का पहला कम्यूनिटी रेडियो स्टेशन है।
