देहरादून के डोईवाला में एमडीडीए ने की 40 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
देहरादून के डोईवाला में एमडीडीए ने की 40 बीघा भूमि पर अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त
देहरादून-मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण- MDDA ने देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग पर कार्रवाई करते हुए लगभग 40 बीघा भूमि को ध्वस्त किया। एमडीडीए प्रवर्तन टीम ने नकट भट्टा में की जा रही 30 बीघा अवैध प्लॉटिंग और झबरावाला में की जा रही करीब 10 बीघा अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया। यह कार्रवाई उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के तहत की गई। एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों को पहले नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन अनुपालन न होने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि एमडीडीए का लक्ष्य नियोजित और सुरक्षित शहरी विकास सुनिश्चित करना है। वहीं, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से भूमि खरीदने से पहले उसकी वैधता एमडीडीए से सुनिश्चित करने की अपील की है।
