कारगिल दिवस पर कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने किये श्रद्धासुमन अर्पित
कारगिल दिवस पर कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने किये श्रद्धासुमन अर्पित
देहरादून- देहरादून के गांधी पार्क स्थित शहीद स्मारक में आज शौर्य दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भूतपूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के साथ मिलकर देश की रक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के 75 वीर सपूतों ने अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उनका बलिदान नई पीढ़ी को प्रेरणा देता रहेगा।
शौर्य दिवस पर इस भावपूर्ण कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित बड़ी संख्या में भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों ने भाग लिया। इस अवसर पर कारगिल विजय दिवस पर भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर शहीदों के बलिदान को देश सदैव याद रखेगा। उन्होंने विशेष रूप से उत्तराखंड के वीर सपूतों के योगदान को याद किया, जिन्होंने कारगिल युद्ध में अग्रणी भूमिका निभाते हुए देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सैनिकों को एक बड़ा तोहफा दिया। उन्होंने घोषणा की, कि सैनिकों के बलिदानियों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख रूपये से बढ़कर 30 लाख कर दी गई है, परमवीर चक्र विजेताओं को मिलने वाली अनुग्रह राशि भी अब 50 लाख से बढ़ाकर डेढ़ करोड़ रूपये कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, उन्हें वार्षिक अनुदान राशि के रूप में 3 लाख रूपये मिलते रहेंगे। चमोली में ईसीएचएस सेंटर व नैनीताल में सैनिक विश्राम ग्रह की स्थापना की जाएगी।
