उत्तराखंडशिक्षा

रघुनाथ कीर्ति के उदय पहुंचे विकसित भारत के राष्ट्रीय मंच तक

रघुनाथ कीर्ति के उदय पहुंचे विकसित भारत के राष्ट्रीय मंच तक

देवप्रयाग। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर, देवप्रयाग के छात्र उदय शर्मा ने विकसित भारत स्पर्धा में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। उन्हें इस उपलब्धि पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सम्मानित किया।समापन कार्यक्रम में उन्होंने रक्षामंत्री राजनाथसिंह के साथ सहभोज में भाग लिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उदय ने इसे अपने जीवन का विशेष और महत्त्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसके प्रेरकों का आभार जताया है।

उदय शर्मा श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में योग विज्ञान के द्वितीय वर्ष के छात्र हैं। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद के मुबारिकपुर खुर्द निवासी उदय ने विकसित भारत की राज्यस्तरीय स्पर्धा में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। हाल ही में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। इस कार्यक्रम देशभर के चयनित युवा प्रतिनिधियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसुधार और राष्ट्र निर्माण आदि विषयों पर आयोजित बौद्धिक परिचर्चा में प्रतिभाग किया। राष्ट्रीय मंच पर उदय ने नशा निवारण के अंतर्गत ‘डिजिटल लिकर कार्ड’ पर व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत किये। इसमें कहा गया कि शराब खरीद का डिजिटल रिकॉर्ड बने, ताकि नाबालिगों को नशे की इस बुराई और नुकसान से बचाया जा सके। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इसके लिए उदय शर्मा को सम्मानित किया। इस अवसर पर भारत के वायुसेना प्रमुख अमरप्रीत सिंह भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सुन प्रतिभागी रोमांचित हुए। उदय शर्मा ने बताया कि मुझ जैसे साधारण किसान परिवार के छात्र के लिए इस बडे़ मंच तक पहुंचना बहुत कठिन था, परंतु गुरुजनों के मार्गदर्शन, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध सुविधाओं और मित्रों की प्रेरणा से यह संभव हो पाया है।

उधर, निदेशक प्रो.पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने उदय को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उदय के कठिन परिश्रम और दृढ़ इच्छा ने उन्हें यह उपलब्धि दिलाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *