मुख्यमंत्री से की उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधियों ने भेंट
मुख्यमंत्री से की उत्तराखंड बेरोजगार संघ के प्रतिनिधियों ने भेंट
देहरादून-मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड बेरोजगार संघ और तकनीकी डिप्लोमा प्राप्त छात्रों के प्रतिनिधियों ने भेंट की। प्रतिनिधियों ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतों पर संज्ञान लेकर परीक्षा रद्द करने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम युवाओं में विश्वास और आशा का संचार करते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार योग्यता और पारदर्शिता पर आधारित भर्ती प्रक्रिया के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में भ्रष्टाचार, नकल या अनुचित साधनों के लिए “जीरो टॉलरेंस” की नीति जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है कि हर पात्र अभ्यर्थी को निष्पक्ष अवसर मिले और प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।
