उत्तराखंड

सिंगल-यूज़ प्लास्टिक मुक्त राज्य बनाने के संकल्प को करना होगा साकार- मुख्यमंत्री

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जनभागीदारी, जन-जागरूकता व प्रत्येक नागरिक के सक्रिय सहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के विरुद्ध अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देकर ही उत्तराखंड को सिंगल-यूज़ प्लास्टिक मुक्त राज्य बनाने के संकल्प को साकार किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने विश्व बाघ दिवस के अवसर पर देहरादून में आयोजित “एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रवर्तन” विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय परामर्श कार्यशाला में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने बाघ संरक्षण पर आधारित चित्र एवं पोस्टकार्ड का विमोचन किया और मानव-वन्यजीव संघर्ष में साहसिक कदम उठाने तथा वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाघ केवल एक वन्यजीव नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध जैव विविधता और संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र का प्रतीक है। यदि हमारे जंगल सुरक्षित रहेंगे, तो बाघ सुरक्षित रहेंगे और प्रकृति का संतुलन भी सुरक्षित रहेगा।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सिंगल-यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाते हुए निरीक्षण एवं प्रवर्तन की कार्रवाई कर रही है, चारधाम यात्रा मार्गों और प्रमुख पर्यटन स्थलों को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान संचालित किए जा रहे हैं। साथ ही प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन व रीसाइक्लिंग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लोगों से कपड़े के थैले, जूट तथा पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया। इसके साथ ही श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी प्राकृतिक स्थलों पर प्लास्टिक,अन्य प्रकार का कचरा न छोड़ने की अपील की। विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम सभाओं, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों के माध्यम से भी इस अभियान को जन-आंदोलन बनाने का उन्होंने आह्वान किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *